यूकेडी का गांव-गांव जनसम्पर्क अभियान

अगस्त्यमुनि: पलायन एवं मूलनिवास को लेकर उत्तराखण्ड क्रान्ति दल द्वारा प्रदेश व्यापी “गांव बसाओ, प्रदेश बचाओं” यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत प्रदेश मे विभिन्न जगहों पर जनसम्पर्क कर जनता को उक्रांद की भावी रणनीति से अवगत कराया जा रहा है। इस अभियान के तहत यात्रा के अगस्त्यमुनि पहुंचने पर उक्रांद कार्यकर्ताओं ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने सिल्ली अगस्तयमुनि, चन्द्रापुरी, भीरी सहित कई स्थानों पर जनसम्पर्क किया। यात्रा प्रभारी देवेश्वर भट्ट ने कहा कि उत्तराखण्ड बने हुए 18 वर्ष हो चुके हैं, मगर अब तक की सरकारों ने जन भावनाओं के विरीत कार्य किए हैं। राज्य से भारी मात्रा में पलायन हो रहा है, जबकि सरकारें गांव-गांव में शराब की दुकान खुलवाने पर आमादा है। उत्तराखण्ड का निवासी मूल निवास प्रमाण पत्र से महरूम है और बाहरी लोग अस्थाई प्रमाण पत्र के सहारे यहां के लोगों का हक छीन रहे हैं। राज्य की स्थाई राजधानी प्रदेश की जनता की भावनाओं के तहत पहाड़ में ही होनी चाहिए, लेकिन यहां की सरकारें विगत 18 वर्षों से राजधानी के मसले पर राजनीति कर रहे हैं। ऐसी कई समस्याओं से जनता त्रस्त है, मगर भाजपा एवं कांग्रेस पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। इसलिए उक्रांद यह जनजागरण अभियान चलाया रही है। जिसको “गांव बसाओ, प्रदेश बचाओ” नाम दिया गया है। यात्रा में उक्रांद के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र नौटियाल, चमोली के जिलाध्यक्ष अब्बल सिंह भण्डारी, किशोरीनन्द डोभाल आदि कई कार्यकर्ता जन सम्पर्क कर रहे हैं।