नागालैण्ड के मोहन जिले में रविवार को नगा विद्रोहियों के हमले में शहीद हुए फते सिंह नेगी का पार्थिव शरीर मंगलवार को उनके पैतृक गाँव जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक स्थित बाड़वगाँव लाया गया, जहां उनको पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई देने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। इस दौरान सभी की आंखे नम हो गई। साथ ही लोगों ने फते सिंह अमर रहे के नारे लगाये। नागालैण्ड में तैनात क्यूंजा घाटी के बाड़व निवासी 48 वर्षीय फते सिंह नेगी का अंतिम संस्कार आज मंदाकिनी नदी किनारे उनके पैतृक घाट चन्द्रापुरी में सैन्य सम्मान के साथ गमगीन माहौल में किया गया। उनकी चिता को पुत्र रोबिन सिंह ने मुखाग्नि दी। इससे पूर्व उनके गांव बाड़व से चन्द्रापुरी तक निकली शव यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। फते सिंह के शहीद होने से बाड़व गांव सहित क्यूंजा घाटी में शोक की लहर छा गयी है।

रविवार को नागालैण्ड के मोहन जिले में तैनात फते सिंह नगा विद्रोहियों के हमले में शहीद हो गये थे। एक वर्ष पूर्व ही फतेह सिंह की पोस्टिंग नगालैंड में हुई थी। गत मार्च माह में वह एक माह की छुट्टी पर घर आए थे। गांव के अधिकांश घरों पर जाकर उन्होंने बड़े बुजुर्गों से मुलाकात की थी। मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव क्यूंजा घाटी के बाड़व लाया गया। तिरंगे मे लिपटे फते सिंह के पार्थिव शरीर को देखकर परिजन व ग्रामीण फूट-फूटकर रो पडे़। पार्थिव शरीर के अन्तिम दर्शन करने के बाद बाड़व गांव से चन्द्रापुरी तक निकली शव यात्रा में हजारों लोगों ने शामिल होकर अमर शहीद फते सिंह को नम आखों से अन्तिम विदाई दी। शव यात्रा के पैतृक घाट चन्द्रापुरी के निकट मन्दाकिनी नदी के किनारे पहुचने पर शासन-प्रशासन, परिजनों, ग्रामीणों, गढ़वाल स्काउट, 199 फील्ड रेजीमेन्ट के अधिकारियों व जवानों की मौजूदगी में अमर शहीद फते सिंह नेगी का अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ किया गया। उनके शव को पुत्र रोबिन सिंह नेगी ने मुखाग्नि दी, जिसके बाद जवानों ने हवा में तीन फायरिंग करते हुए शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर से सलामी दी। अमर शहीद फते सिह नेगी के निधन से सम्पूर्ण क्यूँजा घाटी में मातम छाया हुआ है। उनकी पत्नी गीता देवी, पुत्र व दो पुत्रियों सहित परिजनों व ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। केदारनाथ विधायक मनोज रावत, रुद्रप्रयाग विधायक भरत चैधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कपरवाण, यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुमन्त तिवारी, जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल, जिला जज हरीश गोयल, सीजेएम कुलदीप शर्मा, एसडीएम गोपाल सिंह चैहान, तहसीलदार जयबीर राम बधाणी, 199 फील्ड रेजीमेन्ट के सीओ मुरारी गोपाल, सहित गढवाल स्काउट के 21, 199 फील्ड रेजीमेन्ट के 67 ऑफिसर, जवान, परिजनों, ग्रामीणों व कई सैकडों स्थानीय लोगों ने अमर शहीद की शव यात्रा में शामिल होकर नम आखों से भावभीनी श्रद्धांजलि दी।