कार

ऋषिकेश: लक्ष्मण झूला से नीलकंठ की ओर जा रही एक टाटा इंडिगो कार घट्टूगाड़ के समीप अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से कार मे सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि इस दुर्घटना मे छह बच्चों सहित कुल 10 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार टाटा इंडिगो कार (यूके 07एच 7999) लक्ष्मण झूला से नीलकंठ की ओर जा रही थी।

घट्टूघाट के समीप अचानक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकला। कार में 11 लोग सवार थे। इनमें एक महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। लक्ष्मणझूला थानाध्यक्ष प्रदीप राणा ने बताया कि कार में एक ही परिवार के लोग थे। जो नीलकंठ मंदिर जा रहे थे। दुर्घटना में सुमन देवी (35 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय बंटी निवासी पटेल नगर देहरादून की मौत हुई है।

उन्होंने बताया कि घायलों में लोकेश सुमन कश्यप (27 वर्ष) पुत्र धर्मवीर सिंह निवासी निरंजन ब्रह्मपुरी देहरादून, विपिन (17 वर्ष) पुत्र करमचंद, नीतू (26 वर्ष) पत्नी लोकेश, अर्जुन (5 वर्ष) पुत्र लोकेश, अंशिका (3 वर्ष)  पुत्री लोकेश, अभिषेक (4 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय बंटी, कपिल (ढाई वषर्) पुत्र सुखपाल सिंह, मुकुल (6 वर्ष) पुत्र सुखपाल सिंह, खुशबू (2 वर्ष) पुत्री सुखपाल सिंह, कुंती देवी (28 वर्ष) पत्नी सुखपाल सिंह सभी निवासी पटेल नगर देहरादून। घायलों को ऋषिकेश के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।