भारतीय महिला हॉकी टीम ने मलेशिया को 3-2 हराया

दक्षिण कोरिया मे चल रही महिला एशियाई हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी मे भारतीय महिलाओं ने अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए गुरूवार को मलेशिया को रोमांचक मुकाबले में हराते हुए लगातार तीसरी जीत दर्ज की है। भारतीय महिला हॉकी टीम ने मलेशिया को 3-2 से मात दी। भारत के लिए गुरजीत ने 17वें मिनट में गोल दाग कर खाता खोला। 33वें मिनट में भारत की वंदना कटारिया ने गोल कर भारतीय टीम को 2-0 से आगे कर दिया। हालांकि, चंद मिनट बाद ही नूरैनी राशिद ने गोल कर मलेशिया को गेम मे वापस ला दिया।  मैच के 40वें मिनट में लालरेमसियामी ने भारत के लिए तीसरा गोल किया। हानिन ओन ने 48वें मिनट में मलेशिया के लिए दूसरा गोल दागकर स्कोर 3-2 कर लिया। इसके बाद मलेशिया ने गोल करने की बहुत कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम ने बढ़िया डिफेंस दिखाते हुए उसे गोल नहीं करने दिया और अंत में 3-2 से इस मैच को जीत लिया। इससे पहले बुधवार को भारतीय महिलाओं ने चीन को 3-1 से हराया था।