double-decker-bus

ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेस वे पर जेवर इंटरचेंज के पास सोमवार सुबह करीब 5.30 बजे घने कोहरे के कारण एक डबल डेकर बस ट्रक से टकरा गयी। इस हादसे में बस सवार 15 लोग घायल हो गये हैं। बताया जा रहा है कि बस में 100 से ज्यादा सवारियां थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद अधिक कोहरा होने के कारण करीब आधा घंटे के लिए टोल को बंद करा दिया गया।

प्राप्त सूचना के अनुसार प्राइवेट टूर एंड ट्रेवल की डबल डेकर बस रविवार की रात करीब 10.15 बजे मैनपुरी से दिल्ली के लिए रवाना हुयी थी। जबकि इसी दौरान बदरपुर से भरा एक ट्रक आगरा सेसिकंदराबाद जा रहा था। सोमवार सुबह करीब 5.30 बजे यमुना एक्सप्रेस वे पर जेवर इंटरचेंज के पास पीछे से आ रही डबल डेकर बस घना कोहरा होने के कारण ट्रक से टकरा गयी। हादसे के समय बस में सौ से अधिक सवारियां थी। वहीँ बस में सवार सवारियों ने बताया कि हादसे से पहले बस का चालक सो गया था और बस को कंडक्टर चला रहा था।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस व यमुना एक्सप्रेस वे के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मामूली रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुटटी दे दी गयी। वहीं आठ लोग गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं. घायलों में सुनील कुमार निवासी मैनपुरी, अनुज निवासी मैनपुरी, सुखबीर सिंह निवासी फैजाबाद, ब्रजेश कुमार, मुन्नी देवी निवासी मैनपुरी, कप्तान सिंह निवासी मैनपुरी, पिंटू निवासी गाजियाबाद व दिनेश निवासी मैनपुरी है।